IPL 2025 MI vs KKR Highlights: डेब्यूटेंट अश्विनी कुमार (4 विकेट) और रेयान रिकलटन (62*) के उम्दा प्रदर्शन के दम पर मुंबई इंडियंस ने आईपीएल 2025 में अपनी जीत का खाता खोला। वानखेड़े स्टेडियम पर मुंबई ने कोलकाता को 43 गेंदें शेष रहते 8 विकेट से मात दी।
1. डेब्यूटेंट अश्विनी कुमार (4 विकेट) और रेयान रिकलटन (62*) के उम्दा प्रदर्शन के दम पर मुंबई इंडियंस ने आईपीएल 2025 में अपनी जीत का खाता खोला। वानखेड़े स्टेडियम पर मुंबई ने कोलकाता को 43 गेंदें शेष रहते 8 विकेट से मात दी।
2.कोलकाता नाइटराइडर्स ने पहले बल्लेबाजी की और पूरी टीम 16.2 ओवर में 116 रन पर ऑलआउट हुई। जवाब में मुंबई इंडियंस ने 12.5 ओवर में दो विकेट खोकर लक्ष्य हासिल किया। सूर्यकुमार यादव ने ट्रेडमार्क शॉट खेलकर फाइन लेग की दिशा में छक्का जड़कर मुंबई की जीत पर मुहर लगाई।
रिकलटन का शानदार अर्धशतक:
117 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई इंडियंस को रोहित शर्मा (13) और रेयान रिकलटन (62*) ने 46 रन की साझेदारी करके ठोस शुरूआत दिलाई। आंद्रे रसेल ने रोहित को हर्षित राणा के हाथों कैच आउट कराकर मुंबई को पहला झटका दिया। इसके बाद रिकलटन ने विल जैक्स (16) के साथ दूसरे विकेट के लिए 45 रन की साझेदारी की।
सूर्या ने लूटी महफिल:
रसेल ने फिर विल जैक्स को शॉर्ट कवर्स में अजिंक्य रहाणे के हाथों कैच आउट कराया। इसके बाद सूर्यकुमार यादव क्रीज पर आए और जल्द ही मैच खत्म कर दिया। सूर्या ने केवल 9 गेंदों में तीन चौके और दो छक्के की मदद से नाबाद 27 रन बनाए।
वहीं रिकलटन ने 33 गेंदों में चार चौके और चार छक्के की मदद से अर्धशतक जमाया। वह 60 गेंदों में चार चौके और पांच छक्के की मदद से 62 रन बनाकर नाबाद रहे। केकेआर की तरफ से दोनों विकेट आंद्रे रसेल को मिले।
केकेआर की खराब शुरूआत:
वानखेड़े स्टेडियम पर पहले बल्लेबाजी करने उतरी केकेआर की शुरूआत बेहद खराब रही। ट्रेंट बोल्ट ने पहले ओवर में सुनील नरेन को क्लीन बोल्ड किया। अगले ओवर में दीपक चाहर ने क्विंटन डी कॉक (1) को अश्विनी कुमार के हाथों कैच आउट कराया।
अश्विनी कुमार का चला जादू:
इसके बाद डेब्यूटेंट अश्विनी कुमार ने केकेआर के कप्तान अजिंक्य रहाणे (11) को तिलक वर्मा के हाथों कैच आउट कराया। पावरप्ले में केकेआर ने चार विकेट गंवा दिए थे। फिर अश्विनी ने मनीष पांडे (19), आंद्रे रसेल (5) और रिंकू सिंह (17) का शिकार किया।
रमनदीप सिंह (22) ने केकेआर को 100 रन के पार पहुंचाया। मुंबई इंडियंस की तरफ से अश्विनी कुमार ने सबसे ज्यादा चार विकेट चटकाए। दीपक चाहर को दो विकेट मिले। ट्रेंट बोल्ट, हार्दिक पांड्या, विग्नेश पुथुर और मिचेल सैंटनर को एक-एक विकेट मिला।